इंदौर में तापमान पर बादलों का साया, भीषण गर्मी से लोगों को थोड़ी राहत, 3 दिन बाद 42 डिग्री तक जाने के आसार

मध्य प्रदेश में लगातार तापमान बढ़ता जा रहा है। हालांकि पिछले 2 दिनों से गर्मी में थोड़ी राहत नजर आ रही है। शुक्रवार की बात करें तो इंदौर में हल्के बादल छाए रहे। वहीं शनिवार को भी थोड़े बादल छाए, लेकिन फिर धूप निकल आई है। हालांकि बादल की वजह से गर्मी का एहसास कम हुआ है। वहीं दिन में पश्चिम हवाएं 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली है। शुक्रवार की बात करें तो तापमान 40.4 डिग्री अधिकतम दर्ज किया गया है। बादलों के कारण रात के तापमान में बढ़ोतरी देखी गई है। सुबह का तापमान 3 डिग्री अधिक 26.4 डिग्री दर्ज किया गया है।

google news

42 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान

मौसम विभाग की माने तो इंदौर में 3 दिनों तक बादल छाए रहने से गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। इस समय तापमान 40 डिग्री है और कम ही रहेगा, लेकिन 3 दिनों बाद तापमान 42 डिग्री तक पहुंच सकता है। मौसम विज्ञानिक वेद प्रकाश सिंह की मानें तो अभी एक पश्चिम विक्षोभ अफगानिस्तान पर दूसरा नेपाल के ऊपर बना हुआ है जिसकी वजह से अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में नमी देखी जा रही है और इसका असर अब इंदौर सहित प्रदेश भर के कई हिस्सों में देखा जा रहा है।

जानें किस जिले में कितना है तापमान

हालांकि इंदौर में शुक्रवार को भी हल्के बादल छाए रहे। वहीं शनिवार को भी बादल छाने की वजह से गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। वहीं प्रदेश के मध्य में उत्तरी क्षेत्र में बूंदाबांदी होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि इंदौर में किसी भी तरह की बारिश के आसार नजर नहीं आ रहे हैं, लेकिन 9 मई के बाद इंदौर में फिर तापमान में बढ़ोतरी देखी जाएगी ।14 मई तक चलने की संभावना भी जताई जा रही है। देवास से लगे इलाकों में हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। वहीं राजगढ़ में 44 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है। वहीं प्रदेश के सिवनी जिले की बात करें तो यहां अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री, रायसेन 42.8 डिग्री, खंडवा 43.5 डिग्री, टीकमगढ़ 42 डिग्री, दमोह 42.5 डिग्री, रतलाम 43.2 डिग्री, खरगोन 43.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है।

हालांकि अभी मध्य प्रदेश के कुछ जिलों में बादल छाने से गर्मी से राहत जरूर मिलेगी, लेकिन 9 मई के बाद फिर तापमान 42 डिग्री से ऊपर पहुंच सकता है ।ऐसे में आम जनता को गर्मी और लू से बचे रहने के लिए खुद को घर में कैद रखने के साथ ही खाने पीने की चीजों में भी सतर्कता बरतनी होगी।

google news