MP: इस एक गलत ट्वीट से बुरे फंसे दिग्विजय सिंह, गृहमंत्री ने कहा केस होगा दर्ज तो दिग्विजय ने उठाया ये कदम

मध्यप्रदेश में कांग्रेस और बीजेपी के नेताओं को एक दूसरे की टांग खींचने में बड़ा मजा आता है। जल्दबाजी में किए गए काम में वहीं नेता कभी-कभी अपने बुने जाल में ही फंस जाते हैं। ऐसा ही पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के साथ हुआ है। जिन्होंने जल्दबाजी में एक ऐसा ट्वीट कर दिया जिसके बाद उन्हें खुद को अपने मुंह की खानी पड़ी है। दरअसल दिग्विजय सिंह ने रामनवमी के मौके पर खरगोन में हुई पत्थरबाजी पर एक गलत ट्वीट किया था। इसके बाद पूरे प्रदेश की राजनीति में उथल—पुथल मच गई। हालांकि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और रामेश्वर शर्मा की तीखी प्रतिक्रिया के बाद दिग्विजय सिंह ने उस ट्वीट को डिलीट कर लिया, लेकिन इसके बाद ट्वीट का स्क्रीनशॉट इस समय सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

google news

गृह मंत्री ने लिया यह एक्शन

दिग्विजय सिंह के ट्वीट पर मध्य प्रदेश के गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने भी बड़ा एक्शन लेने की बात कही है। गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहां कि दिग्विजय सिंह जी भ्रम फैलाकर सांप्रदायिक तनाव को हवा देना चाहते हैं। अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर मस्जिद में झंडा फहराने की जो तस्वीर उन्होंने पोस्ट की है वहां मध्यप्रदेश की नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने लिखा इस विषय में वैधानिक कार्रवाई को लेकर विशेषज्ञों से राय ली जा रही है। यानी गृहमंत्री का सीधा तौर पर कहना है कि अब दिग्विजय सिंह पर केस दर्ज किया जाएगा।

दिग्विजय सिंह ने किया यह ट्वीट

गौरतलब है कि रविवार को रामनवमी के मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने शोभायात्रा पर हुई पत्थरबाजी की घटना पर ट्वीट किया था जिसमें उन्होंने बिहार के फोटो को अपने टि्वटर हैंडल पर शेयर करते हुए उसे मध्य-प्रदेश के खरगोन जिले का बता दिया। इस फोटो में कुछ युवक मस्जिद में भगवा झंडा लगाते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं इस ट्वीट को रामेश्वर शर्मा ने फिर से शेयर करते हुए तंज कसा है।

मुख्यमंत्री ने दिग्गी के ट्वीट की आलोचना की

वहीं दिग्विजय सिंह के द्वारा किए गए ट्वीट की मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी आलोचना की है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा..दिग्विजय सिंह ने एक धार्मिक स्थल पर युवक द्वारा भगवा झंडा फहराने पर फोटो सहित ट्वीट किया है वहां मध्यप्रदेश का नहीं है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लिखा कि दिग्विजय सिंह प्रदेश में धार्मिक उन्माद फैलाने का षड्यंत्र रच रहे हैं। मध्यप्रदेश को दंगे की आग में झोंकने की साजिश है इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

google news