VIDEO: मध्यप्रदेश के सोमेश्वर धाम में जलाभिषेक की नहीं मिली अनु​मति, नाराज उमा भारती ने ताला खुलने तक अन्न त्यागा

मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती इस समय अनशन पर बैठ गई है। उमा भारती ने 2 दिन पहले रायसेन कलेक्टर को पत्र लिखकर 11 अप्रैल यानी सोमवार को सोमेश्वर धाम में जलाभिषेक करने की अनुमति मांगी थी। इसके बाद सोमवार को उमा भारती सोमेश्वर धाम में जलाभिषेक करने के लिए पहुंची। लेकिन प्रशासन ने उन्हें अनुमति देने से मना कर दिया। इसके बाद गुस्साए उमा भारती मंदिर के बाहर अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गई। हालातों को बिगड़ते देख कलेक्टर, एसपी, और डीआईजी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी मौके पर पहुंच गए और मामले को शांत करने में लगे हुए है।

google news

नाराज उमा भारती ने की बड़ी घोषणा

सोमवार को उमा भारती रायसेन के किले स्थित सोमेश्वर धाम में जलाभिषेक करने पहुंची ।इस दौरान प्रशासन ने उन्हें जलाभिषेक करने से रोक लिया। अनुमति नहीं मिलने पर नाराज उमा भारती ने अन्न त्याग ने का बड़ा ऐलान कर दिया। इसके बाद उमा भारती ने कहा कि जब तक मंदिर का ताला नहीं खोल देते तब तक वह भूख हड़ताल पर बैठी रहेगी। वहीं ताला खुलवाने को लेकर भी प्रशासन की सांसे फूल रही है। कलेक्टर अरविंद कुमार दुबे ने वस्तु स्थिति को देखते हुए पहले ही उमा भारती को पत्र लिखकर अवगत करा दिया था लेकिन इसके बावजूद उमा भारती नहीं मानी और मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए पहुंच गई ।

केन्द्रीय पुरातत्व विभाग को लिखा पत्र

कलेक्टर अरविंद कुमार दुबे ने पहले ही पत्र लिखकर उमा भारती को अवगत करा दिया था कि यहां किला और शिव मंदिर केंद्रीय पुरातत्व विभाग भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अधीन में है। इसकी वजह से उन्हें अनुमति नहीं दी जा सकती है, लेकिन इसके बावजूद भी उमा भारती नहीं मानी है। बता दें कि मंदिर साल में एक बार महाशिवरात्रि के मौके पर खोला जाता है। हालांकि उमा भारती के प्रवास को लेकर केंद्रीय पुरातत्व विभाग को अवगत करा दिया गया है। अगर इसके बाद जिला प्रशासन को मंदिर का ताला खोलने की अनुमति मिल जाती है तो वहां उमा भारती को अवगत कराकर अनुमति दे देगा, लेकिन अगर अनुमति नहीं मिली तो मंदिर का ताला नहीं खोला जायेगा।

बहरहाल उमा भारती अपने समर्थकों के साथ मंदिर के बाहर अनशन पर बैठ गई है। वहीं इस मामले में जिला प्रशासन ने केंद्रीय पुरातत्व विभाग को भी अवगत करा दिया है। अब देखना यह होगा कि केंद्रीय पुरातत्व विभाग जिला प्रशासन को मंदिर खोलने की अनुमति देता है या नहीं या फिर उमा भारती इसी तरह अनशन पर बैठ कर विरोध प्रदर्शन करती रहेगी।

google news